भोपाल, जीतेन्द्र यादव। किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश का किसान पूरी तरह खुशहाल है और उसे समय पर खाद, बीज, बिजली एवं सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। शर्मा ने दावा किया कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के कारण किसानों की आय में भी लगातार वृद्धि हुई है।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस किसानों को लेकर केवल राजनीति कर रही है, जबकि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को हर जरूरी सुविधा समय पर उपलब्ध कराना है, जिससे खेती लाभ का सौदा बन सके।
यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के मुद्दे पर भी भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुल्ला-मौलवियों के दबाव में यूसीसी का विरोध कर रही है और हलाला जैसी प्रथाओं की समर्थक है।
शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है और राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा समान नागरिक अधिकारों की पक्षधर है और इसी सोच के साथ सरकार आगे बढ़ रही है।




