वाराणसी। फिट इंडिया अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले 'संडे ऑन साइकिल' के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन इस बार वाराणसी में किया गया। 'माय भारत' के स्वयंसेवकों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके साथ ही एशियन गेम्स में देश के लिए पदक जीतने वाले एथलीट भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
मनसुख मांडविया ने बैलून उड़ाकर 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के साथ साइकिल चलाई।
नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। खेल मंत्री ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले एथलीटों और 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के खास लोगों को सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के साथ-साथ हर आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और मोटापे के विरुद्ध लोगों को जागरूक करना था।
मीडिया से बात करते हुए खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, "वाराणसी के नमो घाट से माय भारत के स्वयंसेवकों द्वारा संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया गया। साइकिल चलाना फिटनेस का एक मंत्र है। यह एक श्रेष्ठ एक्सरसाइज है। साइकिलिंग से प्रदूषण की समस्या का भी निवारण होता है और ईंधन की बचत होती है। साइकिलिंग से ट्रैफिक की समस्या का भी समाधान होता है।"
उन्होंने कहा, "संडे ऑन साइकिल के द्वारा माय भारत के लाखों युवा साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दे रहे हैं। फिटनेस के संदेश को फैलाने के उद्देश्य से संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में वाराणसी के युवा नमो घाट पर जुटे हुए हैं। हम सभी देशवासियों को फिटनेस का संदेश देंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया अभियान' को आगे बढ़ाएंगे।"














