छतरपुर, संजय अवस्थी। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के पहले दिन जिलेभर के देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का तांता लगा रहा, जहाँ विधि-विधान के साथ मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। नगर के प्रसिद्ध खेरे की देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


मंदिर के पुजारी रज्जू महाराज ने बताया कि ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार बुंदेलखंड के महान शासक महाराजा छत्रसाल द्वारा नगर की रक्षा और कल्याण के लिए माता के इस स्वरूप को यहां विराजमान किया गया था। ऐसी अटूट मान्यता है कि सच्चे मन से दरबार में आने वाले प्रत्येक भक्त की मनोकामना माता अवश्य पूरी करती हैं। नवरात्रि के पहले दिन गूंज रहे माता के जयकारों और भव्य श्रृंगार से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।