छतरपुर, शिवम सोनी। थाना खजुराहो पुलिस ने टेलीग्राम ऐप पर रेटिंग बढ़ाने और पैसे दोगुने करने का लालच देकर की गई करीब 28 लाख रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ATM कार्ड, बैंक खाते खोलने में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और 38 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं संबंधित बैंक खातों में 1.50 लाख रुपये की राशि फ्रीज कराई गई है।


मामले में आवेदक मोहित चौबे के साथ टेलीग्राम ऐप के जरिए रेटिंग बढ़वाने के नाम पर ठगी की गई थी। आरोपियों ने उन्हें रकम दोगुनी करने का लालच देकर करीब 28 लाख रुपये की राशि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छतरपुर रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों, संचार माध्यमों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर के एक गिरोह के शामिल होने की जानकारी सामने आई।


Instagram विज्ञापनों से किराए पर लेते थे बैंक खाते


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी Instagram पर विज्ञापन देकर लोगों से बैंक खाते किराए पर लेते थे। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम डलवाई जाती थी और इसके बाद रकम को तत्काल दूसरे खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आगे इस रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदले जाने की जानकारी भी सामने आई है।


तकनीकी और बैंकिंग जांच में अब तक संदिग्ध खातों में साइबर अपराधों से संबंधित करीब 80 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है। इन लेन-देन को लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, दिल्ली, बिहार और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों में करीब 50 शिकायतें दर्ज होना पाया गया है। आरोपियों का नेटवर्क पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और महाराष्ट्र तक जुड़े होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।


चार आरोपी गिरफ्तार


पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शुभम उर्फ शिवम पिता घनश्याम पटेल निवासी गर्रा, थाना गोटेगांव, नीरज पटेल पिता रूप सिंह पटेल निवासी थाना गोटेगांव, कैलाश उर्फ केवल पिता दुर्गाप्रसाद रजक निवासी ग्राम धवनिया, थाना गोटेगांव और हीरालाल उर्फ संदीप रजक निवासी ग्राम धवनिया, थाना गोटेगांव शामिल हैं।


आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई बैंक खातों और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


इस कार्रवाई में एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खजुराहो उपनिरीक्षक नंदकिशोर सोलंकी, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर, थाना प्रभारी अलीपुरा उपनिरीक्षक जीतेन्द्र सोनी, थाना प्रभारी बमनौरा उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डे सहित पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में विवेचना जारी है।