बटियागढ़/दमोह, राजेन्द्र तिवारी। रजपुरा थाना क्षेत्र के बरी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने युवक का शव हटा-छतरपुर स्टेट हाईवे पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।


जानकारी के अनुसार बरी निवासी ब्रजेश यादव का गांव के देवा बंजारा की आटा चक्की पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। घटना के बाद दोनों पक्ष रजपुरा थाने पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने ब्रजेश यादव को थाने में बैठा लिया था, जिसे बाद में परिजनों के हस्तक्षेप के बाद छोड़ा गया।


मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसी रात देवा बंजारा, रज्जो बंजारा सहित 8 से 10 लोग उनके घर पहुंचे और ब्रजेश के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके नाक, गले और कमर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों का कहना है कि मारपीट के कुछ समय बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई और रात में उसकी मौत हो गई।


घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे हटा-छतरपुर स्टेट हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।