भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत करोंद के कमल नगर के पास शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मांस से भरे एक ऑटो को पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि डेयरी की आड़ में गौकशी और कथित गौमांस की तस्करी की जा रही थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।


कार्यकर्ताओं का दावा है कि मौके से दो कटी हुई गायें और छह जीवित गायें मिली हैं। उन्होंने दो आरोपियों को पकड़कर निशातपुरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद मांस का परीक्षण कराया जाएगा ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह किस पशु का है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।