छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी की ओर से रिसाला मस्जिद के पास स्थित ईद मिलादुन्नबी ग्राउंड में अनोखे आयोजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा, हुनर और शिक्षा को एक मंच पर लाकर समाज के लिए सकारात्मक संदेश दिया गया।


आयोजन के दौरान दिन में निःशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया, जिसमें नागपुर और छिंदवाड़ा से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सभी धर्मों के लोगों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया, वहीं जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।


शाम को आयोजित एक्जिबिशन में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हे विद्यार्थियों ने अलग-अलग मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मक सोच और हुनर को प्रदर्शित किया। बच्चों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सर्टिफिकेट और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के अगले चरण में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी मेहनत की सराहना की गई।


आयोजन को लेकर अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के सदर अमसाल खान ने कहा कि मिलाद का पर्व केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज में सेवा, शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों और अवाम का आभार व्यक्त किया।


कमेटी के सदर अमसाल खान और समस्त सदस्यों ने कहा कि भविष्य में भी समाजहित और जनसेवा से जुड़े ऐसे आयोजन जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।