छतरपुर, शिवाकांत मिश्रा। छतरपुर जिले के बंधीकला में आयोजित पंच कुंडी श्री राम महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीमद भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। महिलाएं मंगलगीत गाते हुए श्रद्धा भाव से आगे बढ़ती रहीं, वहीं पुरुष एवं युवा भी जय श्रीराम के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल हुए। यह भव्य यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री धनुषधारी आश्रम परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर महायज्ञ एवं भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हर ओर धर्ममय उल्लास देखने को मिला। महंत श्री राम मनोहर दास जी ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र में धर्म और संस्कृति को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की। कलश यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने आयोजन की भव्यता को और भी बढ़ा दिया, जिससे बंधीकला पूरी तरह भक्ति में सराबोर नजर आया।
धर्म और परंपरा की अनूठी झलक: बंधीकला में भव्य कलश यात्रा सम्पन्न

Piyush Awasthi
4 अगस्त 2026, 01:39 pm IST
Piyush Awasthi4 अगस्त 2026, 01:39 pm IST



