बालाघाट, रितेश सोनी । भीमगढ़ बांध का जलस्तर निर्धारित सीमा के करीब पहुंचने पर अतिरिक्त जल निकासी के लिए शुक्रवार सुबह 11:30 बजे बांध के दो गेट खोल दिए गए। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद वैनगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।


कार्यपालन यंत्री, तिलवारा बांयी तट नहर संभाग, केवलारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार भीमगढ़ बांध के गेट क्रमांक 5 एवं 6 को एक-एक मीटर तक खोला गया है। दोनों गेटों से कुल 265 क्यूमेक्स की दर से अतिरिक्त पानी वैनगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 516.85 मीटर दर्ज किया गया है, जिसे नियंत्रित बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया।


जिला प्रशासन ने नदी तटीय क्षेत्रों और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे नदी में प्रवेश न करें और अनावश्यक रूप से नदी किनारे या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। प्रशासन ने संबंधित विभागों को सुरक्षा एवं निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक कलेक्ट्रेट बालाघाट के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07632-240102 पर संपर्क कर सकते हैं।