छतरपुर, संजय अवस्थी । छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजवा में खेत से अवैध रूप से बालू (रेत) निकालने के विवाद ने देखते ही देखते बेहद खूनी और हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब उन्होंने अपने खेत से जमीन खोदकर बालू निकालने का विरोध किया, तो दबंगों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद करीब 30 से 35 लोगों की भीड़ ने लाठियों, बका और अवैध कट्टों से लैस होकर पीड़ित परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस वारदात में गोली लगने और मारपीट से परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पीड़ित नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि खेत से बालू निकालने से मना करने पर आरोपी रंजिश रखने लगे। बाद में जब वे लोग गांव में चाय पी रहे थे, तभी हल्कईयां, बब्बू, देवीदीन, बल्लू, मुकुंदी, अरविंद, जितेन्द्र, रवि, मंगलदीन पटेल और हल्कांई पटेल सहित अन्य लोगों ने अचानक हमला कर दिया। नरेंद्र के अनुसार, हल्कईयां और रवि ने कट्टे से गोलियां चलाईं, जिससे उनके भाई पुष्पेंद्र के पैर में गोली लगी। विवाद के दौरान पीड़ित पक्ष ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी का कट्टा भी छीन लिया, जो उनके घर में सुरक्षित रखा है। वारदात में उनके पिता और दो भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजनगर थाना पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
क्या बोले पुलिस अधीक्षक...?
मामले में छतरपुर पुलिस अधीक्षक (SP) रजत सकलेचा का आधिकारिक बयान सामने आया है। एसपी ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि खजवा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है, जिसमें दोनों ओर से मारपीट हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज व मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। एसपी रजत सकलेचा ने घटना का संज्ञान लेते हुए बताया कि प्राथमिक जांच और आरोपों के अनुसार, एक पक्ष के खेत के पास से निकले बरसाती नाले से दूसरा पक्ष रेत उठाकर ले जा रहा था, जिसको लेकर यह विवाद उत्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक व्यक्ति अवैध कट्टे से गोली चलाता दिखाई दे रहा है। एसपी ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों का मेडिकल कराया जा रहा है और चोटों की प्रकृति (मेडिकल रिपोर्ट) के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया जाएगा। अवैध हथियार लहराने व चलाने वालों पर आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना का वीडियो...




