सतना, अंबिका केशरी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकास के दावों के बीच सतना शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर व्यापारियों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में व्यापारी हनुमान चौक पर एकत्रित हुए और चौराहे पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण एवं अन्य मूलभूत समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।


व्यापारियों का कहना है कि सीवर लाइन और अन्य निर्माण कार्यों के बाद बाजार क्षेत्र की सड़कों का रिस्टोरेशन समय पर नहीं किया गया, जिससे सड़कें पूरी तरह उखड़ चुकी हैं। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़कों से उड़ने वाली धूल दुकानों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम को कई बार ज्ञापन और शिकायतें सौंपने के बावजूद प्रशासन ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र से नगर निगम को सर्वाधिक राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन बदले में उन्हें सड़क, सफाई, नाली और यातायात जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।


धरना-प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए हनुमान चौक क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण, गड्ढों की मरम्मत और धूल नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।


गौरतलब है कि पिछले एक माह में यह तीसरी बार है जब व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन किया है। लगातार विरोध के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन सामने नहीं आया है।