सागर,स्वाति सोलंकी । मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर नीम घाटी के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 ग्रामीण घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 35 से 36 ग्रामीण सवार थे, जो बरमान से पूजा-अर्चना कर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद कई ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ उछलकर सड़क पर जा गिरे। घायलों में कई लोगों के हाथ-पैर टूट गए हैं और चेहरे व सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर चीख-पुकार मचने के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर किया गया है।
बांदरी तहसील के गढ़हौला गोसाई गांव के रहने वाले थे सभी ग्रामीण
एसडीएम देवरी मुनव्वर खान के मुताबिक, बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के ग्रामीण बरमान से धार्मिक अनुष्ठान व पूजा-अर्चना कर लौट रहे थे, तभी NH-44 पर नीम घाटी के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया कि वे सागर रोड से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली और सड़क पर खून से लथपथ तड़पते ग्रामीणों को देखा। उन्होंने इस हादसे के लिए एनएचएआई (NHAI) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि टोल प्लाजा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में 30 से अधिक यात्रियों को बैठाकर कैसे गुजरने दिया गया। उन्होंने मालवाहक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में यात्रियों के परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।
प्रशासन और समाजसेवियों की मदद से चलाया गया रेस्क्यू
एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और सभी घायलों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों से अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक्टर के स्वयं अनियंत्रित होकर पलटने या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। गौरझामर और देवरी के थाना प्रभारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियमों और ओवरलोडिंग के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है।

















