छतरपुर (लवकुशनगर), जावेद खान। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अपनी शादीशुदा प्रेमिका को पाने की अंधी सनक में एक प्रेमी ने उसके दो मासूम बेटों का अपहरण कर उन्हें जिंदा कुएं में फेंक दिया। शुक्रवार दोपहर से लापता दोनों सगे भाइयों के शव पहाड़तरे के पुरवा स्थित एक कुएं से बरामद किए गए हैं। इस दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश भी शुरु कर दी है।


स्कूल से घर लौटते वक्त हुए थे लापता

जानकारी के अनुसार, लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2, सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के दो बेटे—सचिन यादव (11) और प्रेम यादव (9), जो स्थानीय क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल के छात्र थे, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक लापता हो गए थे। जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। सुराग न मिलने पर बच्चों की मां संगीता यादव ने लवकुशनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।


सर्च ऑपरेशन के दौरान कुएं से मिले शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज और संभावित रास्तों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस जब पहाड़तरे के पुरवा के पास स्थित कुएं तक पहुंची, तो वहां दोनों बच्चों के शव उतराते मिले। पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।


प्रेमिका को पाने की सनक में वारदात को अंजाम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला का प्रेमी है और वह महिला को अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा था। इसी सनक के चलते उसने रास्ते का कांटा मानकर दोनों मासूमों का बाइक से अपहरण किया और उन्हें कुएं में फेंककर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।


क्षेत्र में तनाव, पुलिस मुस्तैद

दो मासूम बच्चों की नृशंस हत्या की खबर फैलते ही पूरे कस्बे व यादव समाज में गहरा रोष फैल गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई में जुटी है।