हटा, सुदीप नगरिया। हटा ब्लॉक के मड़ियादो वनपरिक्षेत्र से वन्यजीव प्रेमियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। क्षेत्र के जंगलों में एक बार फिर बाघों की सक्रिय मौजूदगी दिखाई देने लगी है। शनिवार रात कलकुआ स्थित वन विभाग के निगरानी वॉच टॉवर के पास घाटी क्षेत्र में एक नर बाघ दिखाई दिया, जिससे इलाके में उत्सुकता और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं।


बताया जा रहा है कि बाघ काफी देर तक सड़क किनारे विचरण करता रहा। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की मौजूदगी देखकर वह सड़क किनारे बैठ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बाघ का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वन अमले ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लगातार बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही नहीं करने और सतर्क रहने की अपील की है।


वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी जंगल के बेहतर वातावरण और वन्यजीव संरक्षण के सकारात्मक संकेत हैं।