सतना, अंबिका केशरी। नागौद क्षेत्र के ललचहा-इटमा नाले में शुक्रवार देर रात तेज बहाव के कारण बाइक सवार तीन लोग नाले में बह गए। हादसे में दो लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीसरा व्यक्ति तेज बहाव में लापता हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सेमरी निवासी बालेंद्र सिंह उर्फ गप्पू बाइक से गांव लौट रहे थे। रास्ते में अमसिल निवासी दीपू पाण्डेय मिले, जिन्हें उन्होंने बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूर आगे एक अन्य व्यक्ति ने भी लिफ्ट मांगी, जिसके बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर ललचहा-इटमा नाले के पास पहुंचे।
नाले में तेज बहाव के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरी और तीनों बहने लगे। बालेंद्र सिंह और दीपू पाण्डेय किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि तीसरा व्यक्ति तेज बहाव में बह गया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और SDRF की टीम ग्रामीणों के साथ नाले और आसपास के इलाके में लापता व्यक्ति की तलाश कर रही है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। नाले से बाइक बरामद कर ली गई है। फिलहाल लापता व्यक्ति की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है।




