छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। छतरपुर शहर के बिजली उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक सूचना है। 220 केवी उपकेंद्र सटई रोड में अति आवश्यक तकनीकी मेंटेनेंस और बस-बार कार्य किए जाने के चलते मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। विद्युत विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बकायन सब-स्टेशन से जुड़े 11 केवी फीडर का विद्युत प्रदाय सुबह 8:00 बजे से लेकर 11:00 बजे तक यानी कुल 3 घंटे के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
इस शटडाउन के कारण शहर के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रमुख प्रभावित क्षेत्रों में पठापुर रोड, सीताराम कॉलोनी, चेतगिरी कॉलोनी, हनुमान टोरिया के पीछे का क्षेत्र, बकायन मार्ग, सागर रोड, बगौता तिराहा, ग्राम बगौता, गणेश कॉलोनी, टीवी टावर के पास, देरी रोड, शिव नगर कॉलोनी, बड़ी कॉलोनी, महर्षि स्कूल के पास का इलाका, कृष्णा कॉलोनी और रिछारिया मेडिकल के आसपास का संपूर्ण क्षेत्र शामिल है। इन सभी कॉलोनियों में सुबह के समय विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।
विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि उपकेंद्र में बस-बार से जुड़े तकनीकी कार्य को सुचारू और सुरक्षित बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय रहते पूरा करना अनिवार्य है। इस दौरान उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए विभाग ने खेद व्यक्त किया है। साथ ही संबंधित कॉलोनियों और क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह 8:00 बजे से पहले अपने पेयजल व दैनिक उपयोग से जुड़े आवश्यक कार्य निपटा लें, ताकि बिजली कटौती के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।














