सतना, सजल कुमार रजक। सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर रविवार शाम एक सनसनीखेज और हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां ट्रक की चपेट में आकर एक आवारा कुत्ते की मौत होने पर बेखौफ युवकों ने ट्रक चालक को दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। आरोपियों ने बोलेरो सहित दो चारपहिया वाहनों से कई किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया और स्टेट हाईवे पर हनुमान मंदिर के पास ओवरटेक कर उसे रुकवा लिया। इसके बाद हमलावरों ने चालक पर बंदूक की बट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चालक ने मौके से जंगल की ओर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। चालक द्वारा बीच सड़क पर ट्रक छोड़ भागने के कारण स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक रंजीत विश्वकर्मा अमानगंज से क्लिंकर लोड कर शंकरगढ़ स्थित पावर प्लांट की ओर जा रहा था। रविवार शाम करीब 4:30 बजे मार्ग पर अचानक एक आवारा कुत्ता ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित होकर कुछ स्थानीय युवकों ने बोलेरो क्रमांक MP 04 ZY 1708 और एक अन्य चारपहिया वाहन से तुरंत ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। हनुमान मंदिर के समीप ट्रक को घेरकर रोकते ही युवकों ने रंजीत को केबिन से खींच लिया और बंदूक की बट से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसकी पीठ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं।
हमलावरों के तेवर और हथियारों को देखकर बुरी तरह घबराया चालक जान बचाने के लिए ट्रक को बीच सड़क पर ही चालू हालत में छोड़कर पास के घने जंगलों की ओर दौड़ पड़ा। व्यस्त स्टेट हाईवे के बीचों-बीच ट्रक खड़ा रहने से दोनों तरफ वाहनों का भारी जाम लग गया। राहगीरों की सूचना पर मझगवां थाना पुलिस डायल-112 टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस बल को देख जंगल में छिपा घायल चालक सड़क पर वापस लौटा। पुलिस ने तत्काल क्रेन और जवानों की मदद से ट्रक को किनारे करवाकर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू कराया।
इस मामले में मझगवां पुलिस ने दोतरफा कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने बंदूक की बट से हमला करने और जानलेवा मारपीट करने वाले अज्ञात वाहन सवारों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और बोलेरो के नंबर के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, मुख्य मार्ग पर ट्रक खड़ा कर आम यातायात बाधित करने और चक्काजाम की स्थिति निर्मित करने पर चालक रंजीत विश्वकर्मा के विरुद्ध भी वैधानिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।













