मंडला। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सोमवार को मंडला जिले के टाटरी प्रवास के दौरान एक बेहद आत्मीय और सहज रूप देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने टाटरी हेलीपेड की ओर जाते समय रास्ते में स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल के सामने अचानक अपना सुरक्षा काफिला रुकवा दिया। काफिला रुकते ही सीएम सीधे स्कूल परिसर के भीतर पहुंचे और वहां आयोजित हो रही प्रार्थना सभा में शामिल होकर नन्हें-मुन्ने बच्चों के बीच खड़े हो गए।


यह भी पढि़ए:

कूनो के बाद गांधी सागर और दुर्गावती में भी बसे चीते:मुख्यमंत्री ने चीता प्रोजेक्ट को बताया सफल; असम से लाई गईं 8 जंगली भैंसें



उस समय विद्यालय में बच्चों की नियमित मॉर्निंग असेंबली चल रही थी और विद्यार्थी परमपिता परमेश्वर से सबके कल्याण और मंगल की प्रार्थना कर रहे थे। राज्य के मुखिया को अप्रत्याशित रूप से अपने बीच पाकर बच्चे, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के लोग आश्चर्यचकित रह गए और पूरे परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। सीएम ने प्रार्थना के समापन के बाद बच्चों के पास जाकर उनसे स्नेहपूर्वक बातचीत शुरू की।


यह भी पढि़ए:

विकास के लिए सरकार ने दिया 'वी विल डू इट' का नारा:पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर MP कैबिनेट की खास बैठक, मोहन यादव ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कई बच्चों से उनके नाम पूछे, वे किस कक्षा में पढ़ते हैं और उनकी पढ़ाई-लिखाई कैसी चल रही है, इसकी जानकारी ली। बच्चों को दुलारते हुए उन्होंने जीवन में आगे बढ़ने और खूब मन लगाकर पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया। सीएम का यह सहज और अपनत्व भरा संवाद देखकर बच्चे भी बिना किसी संकोच के मुस्कुराते हुए उनसे बात करते नजर आए। मुख्यमंत्री की इस औचक मौजूदगी से पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और चर्चा का माहौल बना रहा।