मुंबई। एक्ट्रेस जोया हुसैन इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई स्ट्रीमिंग सीरीज 'हुंकार-द रोर' को मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स को लेकर चर्चा में हैं। सीरीज में काम को लेकर उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट में उनके को-एक्टर्स के मुकाबले उन पर कम जिम्मेदारी थी, इसलिए उनके लिए किरदार से खुद को अलग करना आसान रहा।जोया हुसैन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ''इस प्रोजेक्ट में मेरे लिए अपने किरदार में जाना और उससे बाहर निकलना मुश्किल नहीं था। कम से कम मेरे लिए यह मेरे को-एक्टर्स के मुकाबले काफी आसान था, क्योंकि मेरे ऊपर उतनी जिम्मेदारी का बोझ नहीं था। उन्हें मुझसे कहीं ज्यादा काम करना था।''
जोया ने कहा, ''हालांकि, हर प्रोजेक्ट में ऐसा नहीं होता। किसी किरदार से बाहर निकलना इस बात पर निर्भर करता है कि उसका इमोशनल असर कितना गहरा है और उस दिन की शूटिंग कैसी रही। कभी-कभी किरदार बहुत गंभीर और भावनात्मक रूप से भारी होता है, लेकिन अगर दिन हल्का रहा हो, तो उसे पीछे छोड़ना आसान हो जाता है। यह पूरी तरह हर कलाकार के अनुभव और परिस्थिति पर निर्भर करता है।''
जोया हुसैन ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ''इस मामले में कई स्तरों पर गलतियां हुई हैं और महिलाओं की सुरक्षा की समस्या सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनियाभर में देखने को मिलती है। कहीं भी ऐसी कोई जगह नहीं है, जिसके बारे में पूरे भरोसे के साथ कहा जा सके कि वह महिलाओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। यह समस्या अलग-अलग क्षेत्रों, पेशों, देशों और सामाजिक वर्गों में देखने को मिलती है।''
एक्ट्रेस ने कहा, ''पिछले 50, 60, 70 और 100 सालों में महिलाओं की स्थिति में बदलाव जरूर आया है। आज महिलाओं के पास पहले के मुकाबले ज्यादा अधिकार हैं और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर मौके भी मिल रहे हैं। इसके बावजूद हालात अभी आदर्श नहीं हैं और महिलाओं की सुरक्षा के मामले में काफी कुछ किया जाना बाकी है।''
'हुंकार-द रोर' में जोया हुसैन के साथ फातिमा सना शेख और रघुबीर यादव भी अहम किरदारों में हैं। सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम है।
















