ईशानगर,शिवा। क्षेत्र के पत्चलौरनपुरवा स्थित बरमदेव बब्बा जू के स्थान पर आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरा क्षेत्र भक्ति और आध्यात्मिक माहौल में सराबोर नजर आ रहा है। कथा के चतुर्थ दिवस पर कथा व्यास देवेंद्र मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।



इस पावन आयोजन की निवेदक श्रीमती देवकी प्रेमनारायण पटेरिया हैं, जिन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। सप्ताह भर चलने वाली इस कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और संस्कारों का संदेश दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है।