सतना, अंबिका केशरी। जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र के कोठरा गांव में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर करीब 45 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार कोठरा निवासी रविराज सिंह जैतवारा नगर परिषद में फायरमैन के पद पर कार्यरत हैं। जिस मकान को चोरों ने निशाना बनाया, उसमें रविराज सिंह के अलावा उनके माता-पिता और दो भाइयों का परिवार भी रहता है। बताया गया है कि हाल ही में रविराज सिंह की बहन अपने मायके आई हुई थी। सोमवार को उनके भांजे का जन्मदिन होने के कारण पूरा परिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे भरजुना स्थित देवी मंदिर दर्शन के लिए गया था, जबकि रविराज सिंह अपनी ड्यूटी पर चले गए थे।


करीब दो घंटे बाद जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर तीन कमरों में रखी आलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ कुछ नकदी भी चोरी कर ली।


पीड़ित रविराज सिंह ने बताया कि उनकी मां और दोनों भाइयों के लगभग 45 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जैतवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा किया जाएगा। वहीं गांव में दिनदहाड़े हुई इतनी बड़ी चोरी से लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।