भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिजीत रंजन के खिलाफ अब केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने सख्त रुख अपनाया है। वर्तमान में भोपाल स्थित पुलिस ट्रेनिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (PTRI) में एआईजी (AIG) के पद पर पदस्थ अभिजीत रंजन की लंबित विभागीय जांच को लेकर जबलपुर के एक अधिवक्ता ने सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय में शिकायत भेजी थी। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए भारत सरकार के अवर सचिव द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है। गृह मंत्रालय के इस पत्राचार के बाद आईपीएस अभिजीत रंजन पर जांच की तलवार लटक गई है और उनकी प्रशासनिक मुश्किलें बढ़ने के आसार हैं।
जबलपुर के अधिवक्ता राजकुमार सोनी ने 25 अक्टूबर 2026 को की थी शिकायत
आधारताल (जबलपुर) के जयप्रकाश नगर निवासी एवं हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजकुमार सोनी ने 25 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्रालय में आईपीएस अभिजीत रंजन के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मुख्य आरोप यह लगाया गया है कि 2014 बैच के आईपीएस रंजन के खिलाफ होने वाली विभागीय जांच को राज्य के गृह विभाग की ई-फाइलिंग आईडी में जानबूझकर लंबित रखा गया है। अधिवक्ता राजकुमार सोनी की शिकायत के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लिया और भारत सरकार के अवर सचिव के माध्यम से मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र भेजकर संबंधित प्रकरण में पत्राचार किया है।
जून 2025 में विवादों के चलते कटनी एसपी पद से हटाए गए थे अभिजीत रंजन
अभिजीत कुमार रंजन 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। शुरुआती दौर में ग्वालियर, रीवा, उज्जैन और सिंगरौली में पदस्थ रहने के बाद राज्य सरकार ने मार्च 2023 में उन्हें कटनी का पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया था। हालांकि, कटनी में पदस्थापना के दौरान वे विवादों में घिर गए। एक कनिष्ठ महिला अधिकारी (महिला सीएसपी) के पति द्वारा उन पर गंभीर आरोप लगाए जाने और उस घटनाक्रम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को रंजन से जोड़ा गया। इसके परिणामस्वरूप जून 2025 में सरकार ने उन्हें रातोंरात कटनी एसपी पद से हटाकर भोपाल पुलिस मुख्यालय (PHQ) बुला लिया था।
आईपीएस अभिजीत रंजन ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा दार्जिलिंग के सेंट पॉल स्कूल और पटना के आरएमआर स्कूल से पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक (B.Sc.) की उपाधि प्राप्त की तथा पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (लोक प्रशासन) में परास्नातक की पढ़ाई की।

















