मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और मजेदार अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उनकी कई फिल्मों में एक बात अक्सर देखने को मिली है और वह है उनका पिटना। इन सीन्स को राजपाल ने मजाकिया अंदाज में अपनी फिल्मों की कामयाबी से जोड़ा है। उन्होंने बताया कि जिन फिल्मों में उनकी पिटाई होती है, वे हिट हो जाती हैं।दरअसल, राजपाल यादव हाल ही में रोहित शर्मा के शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में पहुंचे थे। इस दौरान होस्ट रोहित ने उनकी फिल्मों में नजर आने वाली एक दिलचस्प चीज की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि राजपाल की कई हिट फिल्मों, जैसे 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा' और 'भूल भुलैया' में एक बात कॉमन रही है और वह है उनका पिटना।
रोहित ने मजाकिया अंदाज में अभिनेता से पूछा, ''राजपाल सर, आपकी 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा', 'भूल भुलैया' और भी कई फिल्मों में एक चीज कॉमन रही है, आपकी पिटाई। क्या पिटाई आपका लकी चार्म है?''
इस सवाल पर राजपाल ने भी मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''हां, जिसमें हम पिटते थे, वो फिल्म हिट होती है।'' अभिनेता का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग हंसने लगे। दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनकी बात पर खूब प्रतिक्रिया दी।
गौरतलब है कि राजपाल यादव ने अपने करियर में कई ऐसी कॉमेडी फिल्मों में काम किया है, जिनमें उनके किरदार अजीबोगरीब परिस्थितियों में फंसते नजर आए। इन फिल्मों में कॉमेडी और उनके साथ होने वाली मारपीट ने भी दर्शकों को खूब हंसाया।
साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'भागम भाग' में राजपाल ने गुल्लू का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और गोविंदा नजर आए थे। वहीं, 2007 में आई फिल्म 'भूल भुलैया' में उनका छोटा पंडित का किरदार काफी लोकप्रिय हुआ। फिल्म में उनका किरदार कई मजेदार और उलझन भरी परिस्थितियों में फंसता दिखाई दिया था।
इसके अलावा 'हंगामा', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', 'चुप चुप के', 'ढोल', 'पार्टनर', 'दे दना दन' और 'फिर हेरा फेरी' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया है।















