छतरपुर। शहर की सीताराम कॉलोनी स्थित माँ काली माता मंदिर में विराजमान रामराज राजेश्वर हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा की पांचवीं वर्षगांठ शनिवार को धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना, हवन-पूजन, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हनुमान जी के दर्शन किए तथा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
जानकारी के अनुसार, पांच वर्ष पूर्व पत्रकार रामबाबू सिंह परिहार के प्रयासों से माँ काली माता मंदिर परिसर में रामराज राजेश्वर हनुमान जी की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कराई गई थी। तभी से प्रतिवर्ष प्राण प्रतिष्ठा दिवस को वार्षिक उत्सव के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।
इस वर्ष भी प्राण प्रतिष्ठा के पांचवें वार्षिक उत्सव पर सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा। आयोजकों ने बताया कि भगवान श्री हनुमान की कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह वार्षिक उत्सव हर वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने सभी भक्तों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह धार्मिक आयोजनों में सहयोग बनाए रखने की अपील की।




