श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पार्क में बोत्सवाना से लाई गई ढाई साल की मादा चीता KOMG 3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इन नए मेहमानों के आगमन के साथ ही भारत में चीतों का कुल कुनबा बढ़कर 62 हो गया है, जिनमें से 44 चीते भारतीय धरती पर ही पैदा हुए हैं।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के माध्यम से इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी साझा की और खुशी जाहिर करते हुए 'प्रोजेक्ट चीता' से जुड़े विशेषज्ञों, पशु चिकित्सकों और वन विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है।


देश में चीतों की आबादी में आनुवंशिक विविधता की नई शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से 8 चीतों को लाकर कूनो नेशनल पार्क में 'प्रोजेक्ट चीता' की ऐतिहासिक शुरुआत की गई थी। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और फरवरी 2026 में बोत्सवाना से 9 चीते भारत लाए गए थे। चार नए शावकों के जन्म के बाद देश में चीतों की कुल संख्या 62 पर पहुंच गई है। इन शावकों का पिता भी बोत्सवाना से भारत लाया गया नर चीता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इनके जन्म के साथ ही भारत में बोत्सवाना के चीतों की नई पीढ़ी की शुरुआत हो गई है, जिससे देश में चीतों की आबादी में आनुवंशिक विविधता (Genetic Diversity) और अधिक मजबूत होगी।


वन विभाग की टीम रख रही शावकों पर पैनी नजर

शावकों के जन्म पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों, मैदानी कर्मचारियों और प्रबंधन टीम के अथक समर्पण व मेहनत से भारत में चीता पुनर्स्थापना का यह महत्वाकांक्षी अभियान निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वन विभाग की विशेषज्ञ टीम और पशु चिकित्सक मादा चीता और चारों नन्हे शावकों की सेहत और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। चारों शावक पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं, जिससे कूनो में चीतों के सफल पुनर्वास और संरक्षण की उम्मीदों को बड़ा बल मिला है।