अबू धाबी। बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ शेख जायद स्टेडियम में जारी इकलौते टेस्ट मैच के तीसरे दिन तक अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। अफगानिस्तान को 240 रन पर समेटने के बाद बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 223 रन बना लिए। यहां से उसके पास 329 रन की बढ़त है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 346 रन बनाए। शादमान इस्लाम और तंजीद हसन तमीम के बीच पहले विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी हुई। तंजीद 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 83 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद शादमान ने मोमिनुल हक के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन जुटाए। शादमान ने टीम के खाते में 67 रन का योगदान दिया।
इसके बाद बांग्लादेश ने 225 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिया थे, जहां से मेहदी हसन मिराज ने लिटन दास के साथ छठे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को 300 के करीब पहुंचाया। लिटन दास ने 53 रन की पारी खेली, जबकि मोमिनुल हक ने 39 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
विपक्षी खेमे से मोहम्मद सलीम ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि यामीन अहमदजई को 3 सफलताएं हाथ लगीं। इस्मत आलम ने 2 और कैस अहमद को 1 सफलता हाथ लगी।
इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 240 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 64 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान रहमत शाह ने अब्दुल मलिक के साथ चौथे विकेट के लिए 70 रन जोड़कर टीम को 134 के स्कोर तक पहुंचाया।
अब्दुल मलिक 5 बाउंड्री के साथ 62 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद टीम ने हशमतुल्लाह शाहिदी (0) का विकेट भी गंवा दिया। आलम ये रहा कि 139 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए। यहां से कप्तान ने इकराम अलीखिल (32) के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया।
83वें ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर बांग्लादेशी गेंदबाज हसन महमूद ने क्रमश: इस्मत आलम (1), कैस अहमद (0) और जिया-उर-रहमान अकबर (0) को आउट कर दिया। इसी के साथ हसन टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले बांग्लादेशी तेज गेंदबाज बन गए। दूसरी तरफ, रहमत शाह 105 रन बनाकर नाबाद रहे। वह बतौर टेस्ट कप्तान डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले पहले अफगान बल्लेबाज बने।
बांग्लादेश की तरफ से हसन महमूद ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि इबादत हुसैन ने 4 विकेट निकाले। एक सफलता मेहदी हसन मिराज के हाथ लगी।
बांग्लादेश के पास पहली पारी के आधार पर 106 रन की बढ़त थी। इस टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 72 ओवरों का सामना करते हुए 6 विकेट गंवाकर 223 रन बनाए। टीम को 53 रन तक 3 झटके लग गए थे, जिसके बाद नजमुल हुसैन शांतो ने मुशफिकुर रहीम के साथ चौथे विकेट के लिए 159 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। रहीम 9 चौकों के साथ 81 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शांतो ने 5 चौकों के साथ 82 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से यामीन अहमदजई और जिया-उर-रहमान अकबर को 2-2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, मोहम्मद सलीम सफी और कैस अहमद ने 1-1 विकेट चटकाया।











