रायगढ़/छत्तीसगढ़ ( रोहित तिर्की ) - धरमजयगढ़ क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम शाहपुर से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने दिलीप मिश्रा के घर को निशाना बनाते हुए मोबाइल फोन, डीजल, नगदी और जूते-चप्पल सहित हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामले में प्रार्थी ने थाना धरमजयगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

सो रहे व्यक्ति के सिरहाने से मोबाइल चोरी

प्रार्थी के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। उस दौरान उनके बड़े भाई अशोक मिश्रा घर के बाहर सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोरों ने उनके सिरहाने रखा Redmi Note 12 5G मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके अलावा घर से करीब 50 लीटर डीजल, 1,900 रुपये नगद, लगभग 4,000 रुपये कीमत के Nike कंपनी के नए जूते और Adda कंपनी की चप्पल भी चोरी कर ली गई।

घटनास्थल पर चप्पल और लोहे की रॉड छोड़ गए चोर

चोरी की वारदात के दौरान आरोपी घटनास्थल पर अपनी एक जोड़ी चप्पल और लोहे की एक रॉड (सलाह/रिंच) छोड़ गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ये वस्तुएं पुलिस जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकती हैं, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

लगातार चोरी से ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

शिकायतकर्ता ने बताया कि ग्राम शाहपुर शांतिप्रिय गांव रहा है, जहां पहले लंबे समय तक इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं। लेकिन पिछले एक वर्ष में दो से तीन बार चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में असुरक्षा और चिंता का माहौल है।

प्रार्थी ने थाना प्रभारी से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करने, मोबाइल के IMEI नंबर के माध्यम से उसे ट्रेस कर बरामद करने तथा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।