नई दिल्ली। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के महासचिव डी. राजा ने सोमवार को किश्तवाड़ इलाके में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसओपी) की हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।उन्होंने शांति बहाल करने और सीमा पार आतंकवाद से निपटने के केंद्र सरकार के दावों पर सवाल उठाए।

सीपीआई नेता ने आईएएनएस से ​​बातचीत में कहा कि ये घटनाएं दिखाती हैं कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के लिए सही नीतियां बनाने और वहां के लोगों की आकांक्षाओं को समझने में विफल रही है।

डी. राजा ने कहा, "यह घटना केंद्र सरकार की उस विफलता का नतीजा है, जिसके तहत वह जम्मू-कश्मीर के लिए सही नीतियां नहीं बना पाई। वहां एक चुनी हुई सरकार तो है लेकिन राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) नहीं है।"

सीपीआई नेता ने कानून-व्यवस्था बहाल करने के केंद्र सरकार के आश्वासनों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जमीनी हकीकत क्या कहती है। उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार भरोसा दिला रही है कि उसने कानून-व्यवस्था और शांति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत क्या है? यह जम्मू-कश्मीर को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है।"

डी. राजा ने कहा कि लोग राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस मांग को मानने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार यह समझने में नाकाम रही है कि इस इलाके में शांति सुनिश्चित करने के लिए लोगों का भरोसा जीतना बहुत जरूरी है।

आने वाले विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए, डी. राजा ने कहा कि सीपीआई अपनी चुनावी रणनीति और तैयारियों पर चर्चा कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी यह आकलन कर रही है कि वह कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है और भाजपा व उसके सहयोगियों को हराने में कैसे योगदान दे सकती है।

सीपीआई नेता ने सवाल किया, "वे (भाजपा) दावा करते हैं कि वे सीमा पार आतंकवाद की गतिविधियों को खत्म करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं; तो फिर ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं?"

डी. राजा ने राहुल गांधी के बयानों और उस पर गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर कहा कि केंद्र सरकार की आलोचना को देश की आलोचना के बराबर नहीं माना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने जो कहा, वह देश के बारे में नहीं बल्कि सरकार के बारे में था। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली सरकार को ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए कि मानो वह पूरे देश का प्रतिनिधित्व कर रही हो।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए लड़ाई लड़ी है और कम्युनिस्टों ने औपनिवेशिक शासन से भारत की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं।

डी. राजा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ बाहरी ताकतें भारत के हितों के खिलाफ काम कर रही हैं। राजा ने संघ से उन ताकतों की पहचान बताने और उनके समर्थन में सबूत सार्वजनिक करने को कहा।

उन्होंने कहा, "अगर मोहन भागवत के पास कोई सबूत है, तो उन्हें उसे देश की जनता के सामने रखना चाहिए।" उन्होंने आरएसएस पर "सांप्रदायिक, फासीवादी और विभाजनकारी विचारधारा" को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि यह संगठन राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के लिए जिम्मेदार है।

डी. राजा ने आरोप लगाया, "आरएसएस लोगों के बीच ध्रुवीकरण करने की कोशिश करता है। यही वे लोग हैं जो देश की एकता को नुकसान पहुंचा रहे हैं।"