छतरपुर, विनोद मिश्रा। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले अंतर्गत चंदला थाना क्षेत्र के ग्राम बररिया पुरवा में 21 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की शिनाख्त उर्मिला यादव (पति जयकरण यादव) के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बेटी के साथ मारपीट की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि रात 8 बजे तक सामान्य बातचीत होने के बाद अचानक 12 बजे उसकी मौत की सूचना मिलना कई गहरे संदेह पैदा करता है। शोकाकुल परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रात 8 बजे हुई सामान्य बातचीत, 12 बजे आया अस्पताल पहुंचने का फोन
घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए मृतका के पिता लल्लू यादव (निवासी बघा झीना, थाना अजयगढ़, जिला पन्ना) ने बताया कि रात करीब 8 बजे उनकी बेटी उर्मिला से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी, उस वक्त किसी प्रकार की परेशानी या बीमारी की बात सामने नहीं आई थी। इसके महज चार घंटे बाद, रात करीब 12 बजे ससुराल पक्ष से फोन कॉल आया कि उर्मिला की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा खराब हो गई है और परिजन तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचें।
जिला अस्पताल पहुंचने पर मृत मिली बेटी, पिता ने जताई मारपीट की आशंका
सूचना मिलते ही जब मायके पक्ष के लोग आनन-फानन में छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचे, तो वहां उर्मिला मृत अवस्था में मिली। यह मंजर देखकर परिजनों के होश उड़ गए और अस्पताल परिसर में ही कोहराम मच गया। मृतका के पिता लल्लू यादव ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का अंदेशा जताते हुए कहा कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही उर्मिला का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। हंसती-खेलती बेटी की अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत होना स्वाभाविक नहीं लग रहा है।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
मृतका के पिता ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई है कि मृतका का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि शरीर पर मौजूद अंदरूनी व बाहरी चोटों की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने मांग की है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा किया जाए और इस संदिग्ध मौत के पीछे जो भी तथ्य या दोषी सामने आएं, उनके विरुद्ध बिना किसी दबाव के निष्पक्ष व कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।















