छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले में DAP खाद के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में मातगुंवा थाना पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने नारायणपुरा रोड स्थित अमर गार्डन में छापा मारकर लगभग 650 बोरी खाद का अवैध भंडारण जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के उर्वरक माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पिकअप वाहन से मिला सुराग, चालक की पूछताछ में हुआ खुलासा
मामले की शुरुआत मातगुंवा थाना प्रभारी अंकुर चौबे को मिली एक गुप्त सूचना से हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन क्रमांक UP 95 AT 6686 को रोका, जिसमें लगभग 80 बोरी खाद रखकर छतरपुर से बड़ा मलहरा की ओर ले जाया जा रहा था। जब वाहन चालक ओमप्रकाश रैकवार से खाद के वैध बिल व दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस द्वारा थाने ले जाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में चालक ने अमर गार्डन में किराए के कमरे लेकर बनाए गए मुख्य गोदाम का सच उगल दिया।
अमर गार्डन के कमरों में भरा मिला खाद का जखीरा
चालक के खुलासे के बाद कृषि विभाग के उपसंचालक अनिल कुमार मिश्रा को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने जब नारायणपुरा रोड स्थित अमर गार्डन में दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। गार्डन के दो कमरों के अंदर और खुली जमीन पर भारी मात्रा में खाद की बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। प्राथमिक आकलन में खाद की कुल मात्रा करीब 650 बोरी बताई जा रही है।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज, सिंडिकेट की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक ओमप्रकाश रैकवार और अनुराग शर्मा के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा उर्वरक नियंत्रण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। प्रशासन का कहना है कि यह केवल एक गोदाम तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक पूरा सिंडिकेट काम कर रहा है। फिलहाल पुलिस जब्त खाद के सैंपल जांच के लिए भेजने के साथ-साथ इसके मुख्य सप्लायर और बिक्री नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।














