टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ ज़िले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दिगौड़ा थाना क्षेत्र में ज़मीनी रंजिश के चलते 50 वर्षीय तुलसी अहिरवार की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।
परिजनों ने लगाए नामज़द आरोप, पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
मृतक के पिता छिंगई अहिरवार और बड़े भाई रामचरण अहिरवार ने पुलिस को दिए बयानों में तर्पन निवासी तीन युवकों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, नारायण सिंह उर्फ तुलसी परमार, शिवाजी परमार और अनिकेत लोधी ने मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया है। घटना के पीछे पुरानी ज़मीनी रंजिश बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपियों की तलाश में जुटीं टीमें
घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी नामज़द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।















