मंदसौर के कुख्यात तस्कर की संदिग्ध मौत; परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप

Advertisement
मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के दर्जनों मामलों में वांछित और कुख्यात तस्कर वाहिद उर्फ भय्यू लाला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। आरोपी का शव संदिग्ध हालत में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मौत का जिम्मेदार पुलिस की मारपीट को बताया है।
फरार आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजनी निवासी कुख्यात तस्कर वाहिद उर्फ भय्यू लाला लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए दबिश देने गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर आरोपी कहीं छुप गया था, लेकिन बाद में उसकी लाश मिली। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और उसके साथ इतनी बर्बरता से मारपीट की कि उसकी जान चली गई।
अस्पताल में भारी भीड़, डॉक्टरों का पैनल करेगा पीएम
घटना के बाद शव को पहले सीतामऊ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से अब उसे मंदसौर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि शव का पोस्टमार्टम (PM) डॉक्टरों की एक विशेष पैनल टीम द्वारा किया जाएगा। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जा सकती है। इस रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत चोट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई और कारण है।
19 गंभीर मामलों का आरोपी था भय्यू लाला
वाहिद उर्फ भय्यू लाला कोई साधारण अपराधी नहीं था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके ऊपर मध्य प्रदेश के साथ-साथ अन्य पड़ोसी राज्यों में भी 19 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें से अधिकांश मामले एनडीपीएस एक्ट यानी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े थे। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
सीतामऊ में तनाव की स्थिति
कुख्यात तस्कर की संदिग्ध मौत और परिजनों के आरोपों के बाद सीतामऊ और मंदसौर अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी फिलहाल इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं और उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
19 फ़रवरी 2026 को 08:09 am बजे
दावा: दम घुटने के कारण हुई मौत....
मन्दसौर जिले के ग्राम सुरजनी में 10 किलो एमडी ड्रग्स कांड के मुख्य आरोपी और 5 हजार के इनामी तस्कर भय्यू लाला की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में 19 गंभीर अपराधों और 5 अलग-अलग प्रकरणों में वांछित चल रहा यह कुख्यात तस्कर मुंबई व रतलाम पुलिस की कार्रवाई के बाद से ही रडार पर था। घटनाक्रम के अनुसार, बीती रात जब पुलिस की टीमें उसकी तलाश में घर पहुँचीं, तो उसके कुछ देर बाद ही भय्यू का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। पुलिस का प्राथमिक तर्क है कि गिरफ्तारी के डर से आरोपी घर में रखी एक संकरी पेटी में छिप गया था, जहाँ दम घुटने (Suffocation) के कारण उसकी मृत्यु हो गई। दूसरी ओर, इस थ्योरी को खारिज करते हुए मृतक की पत्नी और परिजनों ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया है। उनका सीधा दावा है कि पुलिसकर्मियों ने घर के भीतर घुसकर भय्यू के साथ बेहरमी से मारपीट की, जिसके कारण उसने दम तोड़ दिया। इस विरोधाभासी स्थिति के चलते गांव में भारी तनाव व्याप्त है और ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए परिजनों ने निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की है, जबकि प्रशासन अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि मौत की असली वजह से पर्दा उठ सके।


