छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के नौगांव क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक विकास अहिरवार (34) की जेब से सुसाइड नोट मिलने के बावजूद अब तक आरोपियों पर मामला दर्ज नहीं होने से परिजनों में आक्रोश है। मंगलवार को मृतक की बहन व परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों के मुताबिक 22 अप्रैल को विकास अचानक घर पहुंचा और काफी परेशान दिखाई दे रहा था। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले सिविल अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें एक महिला समेत कुछ लोगों पर पैसे मांगने, ब्लैकमेल करने और मानसिक प्रताडऩा देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट में कुछ मोबाइल नंबर भी लिखे हुए बताए गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि इतना स्पष्ट साक्ष्य मिलने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं सीएसपी अरूण कुमार सोनी ने कहा कि नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक द्वारा आत्महत्या की गई थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच जारी है। तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

