छतरपुर, रोहित पाठक। छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बसारी-गंज गेहूं खरीदी केंद्रों एवं गंज स्थित स्टॉक वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर खरीदी प्रक्रिया, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


कलेक्टर ने खरीदी केंद्र पहुंचकर गेहूं की तुलाई प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा किसानों के लिए उपलब्ध पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही है तथा तुलाई या अन्य कार्यों के नाम पर किसी प्रकार का अवैध शुल्क तो नहीं लिया जा रहा।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की और किसानों से बिंदुवार चर्चा कर खरीदी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए।


इसके बाद कलेक्टर ने गंज स्थित स्टॉक वेयरहाउस का निरीक्षण कर गेहूं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वेयरहाउस में सर्वेयर अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।