छतरपुर, संजय अवस्थी। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (MCBU) में आज छात्रों का भारी आक्रोश देखने को मिला। निरंतर सीसीई/सीसीए (CCE/CCA) परीक्षा देने के बावजूद परीक्षा परिणाम में 'एब्सेंट' दर्शाए जाने से नाराज छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। उग्र छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वारों पर ताला जड़ दिया और अंदर की बिजली सप्लाई (स्विच) बंद कर दी। इस अचानक हुई तालाबंदी के कारण विश्वविद्यालय के कुलगुरु (कुलपति), प्रोफेसर और प्रशासनिक अमला परिसर के अंदर ही कैद होकर रह गया।

छात्रों का सीधे तौर पर आरोप है कि उन्होंने समय पर अपने सीसीए (सतत व्यापक मूल्यांकन) जमा किए थे और परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन और परीक्षा विभाग की घोर लापरवाही के कारण उन्हें अनुपस्थित (Absent) मार्क कर दिया गया है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और छात्रों को शांत कराने के प्रयास जारी हैं। हालांकि, छात्र अपनी मांगों और परिणाम सुधार की लिखित गारंटी पर अड़े हुए हैं और परिसर में उनका उग्र प्रदर्शन फिलहाल जारी है।