भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। मध्य प्रदेश के प्रशासनिक केंद्र वल्लभ भवन (मंत्रालय) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। राज्य शासन ने मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री सचिवालय (सीएम ओ) के अधिकारियों के स्टाफ में व्यापक स्तर पर बदलाव किए हैं। यह प्रशासनिक सर्जरी नए मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल के कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
अनुराग जैन की दिल्ली रवानगी के बाद शुरू हुई कवायद
मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, यह बड़ा बदलाव पूर्व मुख्य सचिव अनुराग जैन के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने और नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाए जाने के बाद हुआ है। अनुराग जैन के कार्यमुक्त होने के बाद वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल ने प्रदेश के नए मुख्य सचिव की कमान संभाली है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए अपनी टीम और सीएम सचिवालय के अमले में आंशिक फेरबदल किया है।
किसे क्या मिली जिम्मेदारी? (प्रमुख नियुक्तियाँ)
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निम्नलिखित निज सचिवों और कर्मचारियों को पदस्थ किया गया है:
- मुख्य सचिव स्टाफ: हरिशंकर भार्गव को मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल का नया निज सचिव (PS) नियुक्त किया गया है।
- अपर मुख्य सचिव स्टाफ: शेख हबीब को अपर मुख्य सचिव सचिन सिन्हा का निज सचिव बनाया गया है।
- वरिष्ठ अधिकारी स्टाफ: डॉ. ई. रमेश कुमार के निज सचिव के रूप में संजय कुमार जोशी और स्टेनोटाइपिस्ट के पद पर योगेश गोयल को तैनात किया गया है।
- सीएम सचिवालय: सीएम सचिवालय में डॉ. सुदाम खाड़े के स्टेनोग्राफर के रूप में सतीश कुमार शुक्ला को पदस्थ किया गया है।
- उपसचिव स्टाफ: उपसचिव सुधीर कोचर के स्टाफ में पंकज उइके को स्टेनोटाइपिस्ट नियुक्त किया गया है।
आगे भी बड़े तबादलों की संभावना
सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा जारी इन आदेशों के बाद प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मुख्य सचिव स्तर पर हुए इस फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में मंत्रालय के अन्य विभागों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले देखने को मिल सकते हैं।




