सागर, जीशान खान । जिला कलेक्टरेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान कार्यों के प्रति उदासीनता पाए जाने पर दो अधिकारियों का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने लगातार निर्देशों के बावजूद समय-सीमा बैठक में अनुपस्थित रहने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभागीय कार्यों की असंतोषजनक प्रगति पर सिविल सर्जन का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं कर्रापुर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर उनका वेतन भी तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रोक दिया गया।
राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान नामांतरण और सीमांकन के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन राजस्व अधिकारियों के पास तीन से छह माह से अधिक समय से नामांतरण प्रकरण लंबित हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। साथ ही सीमांकन के लंबित मामलों का फील्ड सत्यापन कर 20 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संबल 2.0 योजना के लंबित पंजीयन तीन दिवस में पूर्ण करने, अनुग्रह सहायता राशि के मामलों का सात दिवस में निराकरण करने तथा श्रमयोगी मानधन योजना में लक्ष्य आधारित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनसुनवाई, सीएम मॉनिटरिंग एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त लंबित पत्रों के प्रतिवेदन भी शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन बिसेन सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

