छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम खैरौ के समीप एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। शाहगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक सामने आए ट्रक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो की मौके पर ही मौत, तीन घायलों की हालत नाजुक
हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त 65 वर्षीय प्यार ख़ान और 26 वर्षीय रसीद ख़ान (पिता संजाम ख़ान) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायलों में शरीफ ख़ान (45 वर्ष, पिता मकसूद ख़ान), शहराज ख़ान (27 वर्ष, पिता सहीद ख़ान) और सलमान (पिता प्यार ख़ान) शामिल हैं। सूचना मिलते ही डायल-112 और मातगुवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय राहगीरों की मदद से कार में फंसे घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका सघन उपचार जारी है।
रिश्तेदार का हाल जानने जा रहे थे शाहगढ़, रास्ते में खुद बन गए हादसे का शिकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग छतरपुर शहर के नटपुरवा मोहल्ले के निवासी हैं। परिजनों को सूचना मिली थी कि सागर जिले के शाहगढ़ में उनके एक करीबी रिश्तेदार का एक्सीडेंट हो गया है। इसी खबर के बाद वे सभी कार में सवार होकर रिश्तेदार की कुशलक्षेम पूछने शाहगढ़ के लिए रवाना हुए थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; खैरौ गांव के पास पहुंचते ही वे खुद एक बड़े हादसे का शिकार हो गए।
जिला अस्पताल में उपचार जारी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जिला अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा गुरुवार सुबह 11 बजे घटना की पुष्टि करते हुए बताया गया कि घायलों का आपातकालीन वार्ड में गहन उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मातगुवां थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।














