भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में मूंग उत्पादक किसानों का उग्र आंदोलन समाप्त होने और सरकार द्वारा मांगें स्वीकार किए जाने के बाद अब समाजवादी पार्टी आक्रामक रुख में नजर आ रही है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने किसानों और आदिवासियों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए मूंग की पूरी फसल ₹10,000 प्रति क्विंटल की एमएसपी पर खरीदने तथा डीएपी और यूरिया खाद की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग उठाई।

इसके साथ ही, प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. मनोज यादव ने केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापित होने वाले प्रभावितों और आदिवासियों के हक में आवाज उठाते हुए उन्हें ₹25 लाख का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने राज्य में हुए बहुचर्चित ₹1,160 करोड़ के एथेनॉल चावल घोटाले का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया और मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग रखी। सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन जनहितैषी मांगों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाती है, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।