छतरपुर,मध्यप्रदेश। होली के पावन पर्व पर छतरपुर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत दर्जनों परिवारों की खुशियां दोगुनी कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत साइबर सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने पिछले एक माह में गुम हुए 90 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है।


जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने न केवल जिले के भीतर बल्कि उत्तर प्रदेश के हमीरपुर, महोबा, झांसी सहित पड़ोसी जिलों सागर, पन्ना और निवाड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से इन मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया है। विशेष बात यह है कि ये मोबाइल फोन छात्रों, किसानों, मजदूरों और गृहणियों के थे, जिनके लिए मोबाइल केवल संचार का साधन नहीं बल्कि उनकी मेहनत की कमाई का हिस्सा था। उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर और उनकी टीम ने इस वर्ष अब तक कुल 300 से अधिक मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 54 लाख रुपये है। इस सराहनीय कार्य में प्रधान आरक्षक किशोर कुमार, आरक्षक धर्मराज, विजय सिंह, राजीव सिंह, मयंक यादव और अभय सहित जिले के प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही।


मोबाइल गुम होने पर न हों परेशान, ऐसे दर्ज कराएं शिकायत

छतरपुर पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं। नागरिक अपने आधार कार्ड, मोबाइल बिल, बॉक्स की फोटो और घटना के स्थान की जानकारी के साथ साइबर सेल के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9479991005 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साथ ही नजदीकी थाने में की गई शिकायत की कॉपी भी साथ रखें, ताकि तकनीकी टीम जल्द से जल्द आपके मोबाइल को ट्रैक कर सके।