उज्जैन। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन कार्यालय में एक सहायक यंत्री का जन्मदिन शाही और विवादित अंदाज में मनाने का मामला सामने आया है। सरकारी दफ्तर के परिसर में सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन मनाने के लिए उन्हें बकायदा हाथी पर बैठाकर ढोल-नगाड़ों के साथ लाया गया और 500 रुपये की नोटों की गड्डियों की डिजाइन वाला केक काटा गया। इस अनोखे जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने कड़ा संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस थमा दिया है।
हाथी पर निकाली साहब की सवारी, ढोल-नगाड़ों पर थिरके कर्मचारी
वल्लभनगर जोन कार्यालय में रविवार के दिन यह पूरा घटनाक्रम हुआ। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को एक सजे-धजे हाथी पर बैठाकर शाही ठाठ-बाट के साथ कार्यालय परिसर तक लाया गया। इस दौरान दफ्तर के बाहर ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे थे और समर्थक व विभागीय कर्मचारी जमकर नाच-गाना कर रहे थे। कुछ लोग जहां अधिकारी का स्वागत करने में जुटे थे, वहीं कई लोग इस भव्य आयोजन का मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते दिखे।
500 रुपये के नोटों की गड्डियों की थीम वाला केक काटा
हाथी की सवारी के बाद कार्यालय परिसर में केक कटिंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन्मदिन के लिए विशेष रूप से तैयार कराए गए इस केक की डिजाइन 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों जैसी बनाई गई थी। नोटों के बंडलों जैसे दिखने वाले इस केक को अधिकारी द्वारा काटे जाने का दृश्य भी वीडियो में कैद हुआ, जिसने प्रशासनिक और सार्वजनिक मर्यादाओं पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
रविवार को सरकारी परिसर में निजी आयोजन पर उठे सवाल
सामान्यतः रविवार के दिन सभी शासकीय कार्यालय बंद रहते हैं और केवल आपातकालीन कार्यों के लिए ही सीमित स्टाफ उपस्थित रहता है। ऐसे में अवकाश के दिन सरकारी कार्यालय परिसर को निजी जश्न का अखाड़ा बनाने, बाहरी तत्वों और भारी संख्या में कर्मचारियों के एकत्रित होने तथा परिसर की गरिमा को ठेस पहुंचाने को लेकर शहर में व्यापक चर्चा शुरू हो गई।
अधीक्षण यंत्री ने आयोजन को बताया अनुचित, थमाया नोटिस
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद बिजली कंपनी प्रबंधन ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री (SE) वीके मालवीय ने इस तरह के आयोजन को पूरी तरह से अनुशासनहीनता और सरकारी मर्यादाओं के विपरीत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयीन परिसर में ऐसा आचरण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है कि अवकाश के दिन सरकारी परिसर में बिना अनुमति इतना बड़ा निजी कार्यक्रम किस आधार पर आयोजित हुआ। विभागीय जांच में आने वाले जवाब के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।




