छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित महोबा चौराहे पर निर्माणाधीन मकान में शटरिंग तोड़ने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि छत डालने से ठीक पहले मोहल्ले के कुछ लोगों ने मकान की शटरिंग तोड़ दी, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
शटरिंग तोड़ने और धमकी देने का आरोप
पूजा पत्नी रिंकू साहू ने नौगांव थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार मकान निर्माणाधीन है और दो-तीन दिन बाद छत डाली जानी थी। शाम के समय जब परिवार के सदस्य मकान पर मौजूद नहीं थे, तभी मोहल्ले के आशीष मिश्रा, अज्जू मिश्रा, संजू यादव, चंदन अनुरागी सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और शटरिंग तोड़ दी।
सीसीटीवी फुटेज में घटना रिकॉर्ड
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार निर्माणाधीन मकान पहुंचा और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड मिला।
भयभीत परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद वे भयभीत हैं और उन्हें आशंका है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इसी को लेकर उन्होंने नौगांव थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें
मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। शिकायत पर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जानकारी का इंतजार है।











