बालाघाट, रितेश सोनी। बालाघाट जिले के लालबर्रा क्षेत्र के बकोड़ा गांव में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस के प्रतिनिधियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल बकोड़ा में आयोजित किया गया था। मंच पर भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे पहुंचीं, लेकिन उनके लिए मंच पर जगह नहीं होने की बात सामने आई। मंच से हुई राजनीतिक बयानबाजी के बाद विवाद बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई।
विधायक अनुभा मुंजारे ने भाजपा पदाधिकारियों के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए जिला प्रशासन पर मनमानी करने और कार्यक्रम का राजनीतिकरण होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है, न कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन करना। मुंजारे ने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ तनुश्री दत्ता सहित कई अधिकारी मौजूद थे।













