इंदौर, रविकांत वर्मा। डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग करते हुए रिश्तेदार ने नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल कर अश्लील सामग्री भेजने का दबाव बनाया। बदनामी का डर दिखाकर लगातार धमकियां दीं। पीड़िता की सूझबूझ और हिम्मत से मामला सामने आया।


गांधी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उसके दूर के रिश्तेदार ब्रजेश जाधव (पिता जितेंद्र जाधव, निवासी ग्राम पाल कांकड़िया) ने लगातार परेशान किया। आरोपी ने लड़की को अश्लील फोटो और वीडियो भेजने के लिए मजबूर किया। मना करने पर परिवार में बदनामी करने की धमकियां दीं।


डरी-सहमी नाबालिग जब इस आपबीती को अपने माता-पिता को बताने में सफल हुई, तो परिजन स्तब्ध रह गए। परिवार ने तुरंत गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ब्रजेश जाधव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी डिजिटल माध्यम से नाबालिग से संपर्क बनाए हुए था और उसे डरा-धमकाकर अपनी मंशा पूरी करने की कोशिश कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


गांधी नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करें और किसी भी प्रकार की धमकी या ब्लैकमेलिंग की सूचना तुरंत थाने में दें। नाबालिगों की सुरक्षा के लिए पॉक्सो एक्ट के सख्त प्रावधानों का पालन किया जाएगा।


यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। परिवारों को सलाह दी जा रही है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें।