उमरिया, तपस गुप्ता। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की हालत बदहाल हो गई है। कई गांवों में सड़कें कीचड़ से सराबोर हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला करकेली जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत मानिकपुर के कारीगडहरी गांव से सामने आया है।
खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने कीचड़ से भरी सड़क पर धान के पौधे लगाकर रोपाई कर दी। उनका कहना है कि बारिश के बाद सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि इस रास्ते से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क पर जगह-जगह कीचड़ जमा होने के कारण आए दिन बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर गिर जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों को भी इस मार्ग से गुजरने में काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण या मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान कम से कम सड़क को आवागमन के लायक बनाया जाए, ताकि रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में परेशानी न हो।
जांच के बाद सुधार का आश्वासन
मामले में करकेली जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेबांशु सिंह ने बताया कि सड़क की स्थिति की उपयंत्री से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके।




