भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ग्रामीण इलाके बैरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ललरिया से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। अपनी मनपसंद चीज न मिलने से नाराज होकर सड़क पर बैठी 3 साल की एक मासूम बच्ची के ऊपर से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गुजर गई। कार के नीचे फंसकर बच्ची करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरा भयावह हादसा पास में ही लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद आरोपी कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, हालांकि उसकी पहचान कर ली गई है।
मृतक मासूम बच्ची की पहचान ललरिया गांव के रहने वाले सोहेल खान की 3 वर्षीय पुत्री जूना खान के रूप में हुई है। बच्ची के पिता सोहेल खान और माता दोनों ही सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। रविवार को जूना अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास स्थित एक किराने की दुकान पर कोई सामान लेने गई थी। दुकान पर अपनी पसंद की चीज न मिलने के कारण जूना नाराज हो गई। दुकान से लौटते समय बड़ी बहन सड़क पार करके आगे निकल गई, लेकिन रूठी हुई मासूम जूना सड़क के बीचों-बीच ही बैठ गई।
10 सेकंड बाद ही काल बनी स्कॉर्पियो, सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
मासूम जूना जिस स्थान पर सड़क पर बैठी थी, उसके ठीक सामने ही एक स्कॉर्पियो कार खड़ी थी। बच्ची के वहां बैठने के महज 10 सेकंड बाद ही चालक ने बिना आगे देखे लापरवाही से कार को आगे बढ़ा दिया। कार का अगला हिस्सा बच्ची से टकराया और वह नीचे फंस गई। गाड़ी रुकने के बजाय आगे बढ़ती रही और बच्ची करीब 20 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई, जिसके बाद कार का पिछला पहिया भी उसके ऊपर से गुजर गया।
इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास मौजूद लोगों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बैरसिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लहुलूहान मासूम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरोपी चालक की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी; निशातपुरा में भी 1 साल के बच्चे को कुचलने पर केस दर्ज
बैरसिया थाना पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद आरोपी कार चालक की पहचान कर ली है। आरोपी की पहचान गांव के ही रहने वाले जाकिर खान के रूप में हुई है। हादसे के बाद से आरोपी चालक जाकिर खान फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
नशातपुरा में भी एक साल के बच्चे की मौत पर चालक पर केस दर्ज:
इसी तरह का एक अन्य मामला भोपाल के ही निशातपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक वर्षीय मासूम राम राव अहिरवार की दर्दनाक मौत हो गई थी। पुलिस जांच में कार चालक की सीधी लापरवाही और तेज रफ्तार की पुष्टि होने के बाद निशातपुरा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




