इंदौर, रविकांत वर्मा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर एक छात्रा को बदनाम करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवक ने छात्रा की पुरानी तस्वीरों को AI की मदद से आपत्तिजनक रूप में एडिट कर सोशल और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने छात्रा के मंगेतर को वे तस्वीरें दिखाकर उसकी सगाई तक तुड़वा दी। मामले से आहत छात्रा आत्महत्या जैसे कदम उठाने की स्थिति तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान वर्ष 2024 में राऊ निवासी विशाल गुर्जर से एक शादी समारोह में हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा की कुछ सामान्य तस्वीरें खींची थीं। बाद में विशाल छात्रा पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। छात्रा द्वारा मना किए जाने पर उसने AI तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीरों को आपत्तिजनक रूप में एडिट कर दिया और उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा।


बताया जा रहा है कि जब छात्रा के परिवार ने उसकी सगाई दूसरी जगह तय की, तब आरोपी वहां पहुंच गया और मंगेतर को एडिट की गई तस्वीरें दिखा दीं। तस्वीरें देखकर सगाई टूट गई, जिससे छात्रा और उसका परिवार गहरे सदमे में आ गया। लगातार धमकियों और बदनामी के डर से छात्रा मानसिक रूप से टूट गई और आत्महत्या तक के विचार आने लगे।


आखिरकार परिजनों के सहयोग से पीड़िता ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विशाल गुर्जर के खिलाफ आईटी एक्ट सहित धमकी और प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।