दमोह/हटा, राजेन्द्र तिवारी, सुदीप नगरिया। दमोह जिले के हटा में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा का सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे आगमन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में भक्त उनके दर्शन के लिए सड़कों पर एकत्र हो गए।

गौरीशंकर मंदिर पर जनप्रतिनिधियों और शिष्यों ने की अगवानी

रथयात्रा सीधे देव श्री गौरीशंकर जी मंदिर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। यहां स्थानीय शिष्य मंडल से जुड़े कुंवर पुष्पेंद्र सिंह हजारी, अनुरागवर्धन सिंह हजारी और हटा की विधायक उमादेवी खटीक ने महाराज का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

‘जाति-पाति की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन समाज को एकजुट होने का मजबूत संदेश दिया। उन्होंने “जाति-पाति की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई” का नारा दोहराते हुए समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया।

यह कोई राजनीतिक नहीं, रामनैतिक यात्रा है: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी यह यात्रा किसी राजनीति से प्रेरित नहीं है, बल्कि यह एक ‘रामनैतिक’ यात्रा है। इसका एकमात्र उद्देश्य समाज को जागरूक करना और सनातन संस्कृति को मजबूत करते हुए सभी हिंदुओं को एकता के सूत्र में पिरोना है।

बुंदेलखंड में जातिवाद के वैमनस्य पर जताई चिंता

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र में जातिवाद के नाम पर फैल रही दूरियों और वैमनस्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे जातिगत भेदों को भूलकर सनातन संस्कृति की मजबूती के लिए मिलकर आगे आएं। देर रात तक चले इस आयोजन में भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही और पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंजता रहा।