सागर, जीशान खान: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के विरोध में सागर में तीव्र आक्रोश देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा ने कटरा नमकमंडी क्षेत्र में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी के पुतले पर बरसाईं चप्पलें
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले पर चप्पलें मारीं और उसका दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी पर ऐसे गंभीर मामलों में मौन धारण करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
दिग्गज नेत्रियों की अगुवाई में हुआ प्रदर्शन
यह पूरा प्रदर्शन भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मेघा दुबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महापौर संगीता तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. याकृति जड़िया, कविता लारिया, सविता साहू, प्रीति शर्मा और सुषमा यादव जैसी प्रमुख नेत्रियों समेत भारी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
महिला मोर्चा की दो टूक: दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई
नेतृत्वकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोप अत्यंत गंभीर हैं। इस मामले की पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पीड़ित छात्राओं को न्याय मिल सके।












