सागर, बृजपाल राजपूत। बीना निवासी एवं सागर की प्रतिभाशाली बेटी अपूर्वा दुबे वैद्य ने मिसेज एशिया पेसिफिक वर्ल्ड का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर अपने परिवार, शहर और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। अब वह कनाडा में आयोजित होने वाली कॉस्मो वर्ल्ड वाइड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।


अपूर्वा दुबे वैद्य, विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ. गिरीशमोहन दुबे एवं संध्या दुबे की पुत्री हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें इस प्रतियोगिता की जानकारी अपनी एक मित्र के माध्यम से मिली थी। तैयारी के लिए समय काफी कम था, लेकिन पूर्व में विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अनुभव और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया और सफलता हासिल की।


इंदौर के एक प्रतिष्ठित होटल में 22 से 24 मई तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए ग्रूमिंग सेशन, रैंप वॉक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, शिष्टाचार प्रशिक्षण तथा प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई, पुणे, रतलाम सहित देश के विभिन्न शहरों से प्रतिभागियों ने भाग लिया।


नौ चरणों में हुए मूल्यांकन के बाद अपूर्वा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल राउंड में जगह बनाई। फिनाले में इंट्रोडक्शन, इंडियन एथनिक, इंडियन गॉड्स एवं ग्रैंड फिनाले राउंड आयोजित किए गए। इंडियन एथनिक राउंड में उन्होंने पारंपरिक लहंगा पहनकर भारतीय संस्कृति की सुंदर प्रस्तुति दी, जबकि इंडियन गॉड्स राउंड में मां लक्ष्मी का स्वरूप धारण कर दर्शकों और निर्णायकों का मन मोह लिया।


टॉप-15 में स्थान बनाने के बाद प्रश्नोत्तर राउंड में उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रभावशाली जवाबों ने निर्णायकों को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें मिसेज एशिया पेसिफिक वर्ल्ड का खिताब प्रदान किया गया। अपनी सफलता का श्रेय अपूर्वा ने अपने पति राहुल वैद्य, पिता डॉ. गिरीशमोहन दुबे, माता संध्या दुबे एवं परिवार के अन्य सदस्यों के सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। उनकी इस उपलब्धि से सागर और बीना क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।